बाजारशुकुल के इन्हौना-रुदौली मार्ग पर बिजली के खंभे पर गिरा पेड़। -संवाद
बाजारशुकुल। क्षेत्र में मंगलवार सुबह आंधी और बारिश ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। आंधी के चलते बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं और बिजली के 25 खंभे टूट गए। एक ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे कस्बे समेत आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और करीब एक लाख लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह करीब छह बजे आई आंधी में इन्हौंना-रुदौली मार्ग पर बिजली खंभे पर नीम का पेड़ गिर गया। इससे करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस और वन विभाग की टीम ने पेड़ हटाकर यातायात बहाल कराया। बिजली आपूर्ति बाधित होने से ब्लॉक कार्यालय, थाना मुख्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित कई सरकारी संस्थानों का कामकाज प्रभावित रहा।
तेज हवा के कारण प्राचीन हनुमान मंदिर की चारदीवारी पर पेड़ गिरने से दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। कई मकानों और दुकानों पर लगे सौर ऊर्जा पैनल भी उड़ गए। रानीगंज और ठाकुरगंज-रुदौली मार्ग पर पांडेगंज के पास पेड़ गिरने से कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
अवर अभियंता सद्दाम हुसैन ने बताया कि आंधी में एलटी और एचटी लाइन के 25 खंभे टूट गए हैं। नहर कोठी के पास लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया है। कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे हैं। देर रात तक हुसेनपुर फीडर की बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना है, जबकि बाजारशुकुल कस्बा और संसारपुर फीडर की आपूर्ति फिलहाल बाधित रहेगी।