अमेठी सिटी। उपकेंद्रों में तकनीकी खामी और लोकल फॉल्ट से बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार तक जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में तीन से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली की आवाजाही से घरों में पानी की मोटर नहीं चल सकी और छोटे कारोबारियों का काम प्रभावित हुआ। उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऊर्जा निगम के ग्रुप में कटौती और बिजली बहाली की जानकारी भी नहीं दी जा रही है।
जिला मुख्यालय पर बृहस्पतिवार रात करीब दो घंटे बिजली गुल रही। शुक्रवार को दिनभर ट्रिपिंग के कारण करीब चार घंटे आपूर्ति बाधित हुई। करपिया उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में करीब छह घंटे बिजली नहीं रही। टिकरिया, पनियार, थौरी, बहोरखा, मुसाफिरखाना, बरनाटीकर, मऊ और जामों उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में तीन से पांच घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही।
तिलोई खंड में बृहस्पतिवार रात कई बार में तीन घंटे बिजली गुल रही। सेमरौता, जायस और तिलोई उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में भी कई बार कटौती हुई। फुरसतगंज उपकेंद्र के कई फीडरों में खराबी आने से एक घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति बाधित रही। मरम्मत के बाद बिजली बहाल की गई।
जगदीशपुर खंड के इन्हौंना, वारिशगंज, दखिनवारा, शुकुल बाजार, सित्थन, महोना और जगदीशपुर उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में छह घंटे से अधिक कटौती रही। अमेठी वितरण खंड के पीठीपुर, खेरौना, बेनीपुर, अमेठी, पीपरपुर, भेटुआ, एचएएल, बड़गांव और भादर उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में भी तीन से पांच घंटे बिजली गुल रही। शुकुलपुर उपकेंद्र में लगे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी से तीन घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही।
ग्रुप में सूचना नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान
ठेंगहा निवासी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि ऊर्जा निगम के ग्रुप में पहले बिजली कटौती, फॉल्ट, मरम्मत और आपूर्ति बहाल होने के संभावित समय की जानकारी दी जाती थी। पखवाड़े भर से जानकारी नहीं मिलने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। बाजार शुकुल निवासी रामसमुझ ने बताया कि बिजली आने का इंतजार करना पड़ता है, लेकिन ग्रुप में कोई सूचना नहीं दी जा रही है। गौरीगंज के सरमें निवासी राम महेश ने बताया कि बिजली न आने से पानी की मोटर नहीं चल सकी। राजाफत्तेपुर निवासी अंकुर सिंह ने बताया कि बार-बार कटौती से दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।
लोकल फॉल्ट ठीक करने के लिए बंद करनी पड़ती आपूर्ति
अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय स्तर पर कटौती नहीं की जा रही है। लोकल फॉल्ट ठीक करने के लिए कुछ देर के लिए आपूर्ति बंद करनी पड़ती है।