बाजारशुकुल के किशनी गांव में जला ट्रांसफार्मर।-संवाद
बाजारशुकुल। किशनी गांव में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से आधे गांव की बिजली आपूर्ति 36 घंटे से ठप है। उमस भरी गर्मी में करीब तीन हजार लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं। पंखे, कूलर, पानी की मोटर और मोबाइल चार्जिंग बंद होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद बिजली विभाग को सूचना दे दी गई थी, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। सोनू सोनकर, मकबूल अहमद और आमिर अली ने बताया कि उमस के कारण दिन और रात घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और मरीजों को उठानी पड़ रही है।
लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो परेशानी और बढ़ जाएगी। अवर अभियंता महोना मनोज कुमार बिंद ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध होते ही उसे लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।