अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय गौरीगंज के जीजीआईसी फीडर में बृहस्पतिवार सुबह से ट्रांसफार्मर जलने से करीब सात घंटे बिजली गुल रही। गर्मी में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
जिला मुख्यालय के जीजीआईसी फीडर में करीब 20 हजार की आबादी निवास करती है। बृहस्पतिवार की सुबह देर से सोकर उठने वालों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। लोग बाल्टी लेकर आसपास के नलों पर नहाने व खाना बनाने के लिए पानी खोजते रहे। शिकायत के बाद दोपहर के बाद करीब तीन बजे तक आपूर्ति सुचारू हो सकी। गौरीगंज शहरी क्षेत्र उपकेंद्र के अवर अभियंता ऋषि गुप्ता ने बताया कि सुबह आठ बजे के करीब मामले की सूचना मिली थी। जिसके बाद शाम तीन बजे तक ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कर उसे बदलवा दिया गया है।
ट्रांसफार्मर बदलने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप
अमेठी सिटी। दखिनवारा बिजली उपकेंद्र के बाबूपुर सरैंया गांव में ट्रांसफार्मर जला तो शिकायत के बाद भी चार दिनों तक लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ा। गांव निवासी वाहिद खान ने इस संबंध में वीडियो बनाकर विभागीय अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। लाइनमैन पर 500 रुपये मांगने का आरोप लगाया है। वीडियो में दावा किया है कि जब जेई से इस संबंध में शिकायत की गई तो जेई ने कहा कि पैसा तो देना होगा। फिलहाल संबंधित जेई ने आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि गांव में ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। रिश्वत मांगने की बात गलत है।