मुसाफिरखाना (अमेठी)। कस्बे से पारा जाने वाली सड़क पर निजामुद्दीनपुर स्थित गोमती नदी पर बने पुल पर जगह जगह गड्ढे राहगीरों की समस्या का सबब बने है।
मुसाफिरखाना कस्बे से इसौली-पारा होते हुए देवरा मार्ग बना है। यह मार्ग तीन जिलों को जोड़ने का कार्य करता है। इसी मार्ग पर निजामुद्दीनपुर में गोमती नदी पर पुल बना है। पुल के दूसरी तरफ सुल्तानपुर की सीमा शुरू हो जाती है। यही मार्ग देवरा से आगे जाने पर अयोध्या सीमा में प्रवेश कर जाता है। तीन जिलों को जोड़ने के कारण सड़क पर हमेशा आवागमन बना रहता है।
बारिश में पुल के गड्ढों में पानी जाता है। पुल से बड़े वाहन गुजरते समय पैदल व साइकिल से गुजरने वाले राहगीरों को गंदे पानी के छीटों का सामना करना पड़ता है। राहगीरों के कपड़े भी खराब हो जाते है। क्षेत्र के संजय गुप्ता, मोहित गुप्ता, राम सजीवन यादव, नरेंद्र यादव आदि ग्रामीणों ने पुल की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।