गौरीगंज (अमेठी)। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घरवालों को बिना वजह इस मामले में न फंसाए जाने का भरोसा मिलने के बाद ही मृतक टप्पेबाज के परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को माने। इससे 36 घंटे की मशक्कत के बाद शनिवार को दोपहर बाद मृतक दिनेश के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद पुलिस अभिरक्षा में गांव पहुंचे मृतक के शव का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव धम्मौर में शाम करीब छह बजे परिजनों की मौजूदगी में किया गया।
बैंक में हुए टप्पेबाजी के एक मामले में गौरीगंज व धम्मौर पुलिस ने सुलतानुपर जिले के थाना धम्मौर के कस्बा धम्मौर निवासी दिनेश मिश्र (45) के आवास पर गुरुवार आधी रात को दबिश दी थी। इस दौरान पुलिस से बचने के लिए दिनेश ने छत से छलांग लगा दी थी। इसके बाद पुलिस हिरासत में लाकर दिनेश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गयी। इससे नाराज परिजनों ने पुलिस पर दिनेश को छत से धक्का देकर गिराने और इलाज में जानबूझ कर देरी करने का आरोप लगाते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए हंगामा शुरू कर दिया था।
परिजन विशेषतौर पर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मृतक के नाराज परिजनों को मनाने का दौर शुक्रवार देर रात तक चलता रहा। लेकिन कोई समाधान न निकलने पर शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। रात में मृतक के परिजन भी घर चले गए।
संभ्रात लोगों की मध्यस्थता से बनी बात
शनिवार सुबह एएसपी अमेठी विनोद कुमार पांडेय, एएसपी सुलतानुपर विश्वजीत श्रीवास्तव की अगुवाई में पुलिस अधिकारी मृतक के घर पहुंचे। वहां मौजूद कांग्रेसी नेता आशीष शुक्ल व अन्य संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में परिजनों ने पुलिस अफसरों से अपनी मांगों को लेकर बातचीत शुरू की। परिवार वालों को डर था कि पुलिस टप्पेबाजी के मामले में परिवार के लोगों को फंसा कर परेशान कर सकती है। बातचीत के दौरान पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मृतक के परिजनों को इस केस में नहीं फंसाया जाएगा।
इसके साथ ही शुक्रवार को दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर पूरे मामले की जांच भी सीओ स्तर के अधिकारी से करायी जाएगी। इसमें दोषी मिलने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई भी तय होगी। साथ ही मृतक के आश्रित को सरकार से मिलने वाली सहायता राशि दिलवाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। इसके बाद ही परिजन दोपहर में शव का पोस्टमॉर्टम कराने पर सहमत हुए।
पीएम हाउस पर रही चाक चौबंद सुरक्षा
परिजनों के मानने के बाद पुलिस उन्हें अपने साथ गौरीगंज स्थित पोस्टमॉर्टम हाउस लेकर आई। जहां शव का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के तीन सदस्यी पैनल से कराने के बाद शव को पुलिस अभिरक्षा में मतृक के पैतृक आवास ले जाकर देरशाम छह बजे उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर दिन भर कई थानों की पुलिस फोर्स सुरक्षा इंतजाम को लेकर मुस्तैद रही।
तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
मृतक दिनेश का पोस्टमॉर्टम करने के लिए सीएमओ डॉ. विमलेंदु शेखर ने एसीएमओ डॉ. संजय शर्मा, चिकित्सक डॉ. पुष्पेंद्र व डॉ. अनुपम की तीन सदस्यीय टीम गठित की थी। तीनों चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमॉर्टम किया। पुलिस को सौंपी गयी रिपोर्ट में मृत्यु का कारण अत्यधिक रक्त बहना बताया गया। एसपी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में मृतक की पेल्विक बोन व जांघ की हड्ड़ी टूटने की भी पुष्टि हुई है।
सीओ को सौंपी जांच
मृतक के परिजन की ओर से दिए गए शिकायती पत्र की जांच सीओ गौरीगंज जगदीश कुमार को सौंपी गयी है। जांच में यदि दबिश देने गई पुलिस टीम दिनेश की मौत के लिए दोषी मिलेगी तो उनके खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी।
एसपी डॉ. इलामारन जी.