अमेठी सिटी। विभिन्न विश्वविद्यालय व संबद्ध डिग्री कॉलेज में पंजीकृत अनुसूचित जाति वर्ग के करीब 1200 विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। दशमोत्तर छात्रवृत्ति पोर्टल खोल दिया गया है। ऐसे में समाज कल्याण निदेशालय शिक्षण संस्थानों को तीन मई तक डाटा लॉक करने का अंतिम मौका दिया है। डाटा लॉक होने के बाद समाज कल्याण अधिकारी सात मई तक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करेंगे। जिसके बाद विद्यार्थियों के बैंक खाते में छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति राशि अंतरित होगी।
शैक्षिक सत्र 2023-24 में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति (शैक्षणिक भत्ता एवं शुल्क प्रतिपूर्ति) योजना से अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को लाभान्वित करने के लिए शिक्षण संस्थानों को अंतिम मौका दिया गया है। योजना के तहत विश्वविद्यालय स्तर पर फीस लॉक करने के लिए 30 अप्रैल से 03 मई तक पोर्टल खोला गया है। इस अवधि में विश्वविद्यालय,जिला विद्यालय निरीक्षक फीस आदि का सत्यापन नोडल अधिकारी द्वारा फीस को अंकित कर डिजिटल हस्ताक्षर से ऑनलाइन सत्यापित करने की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होगी। 04 से 07 मई 2024 तक जिला समाज कल्याण अधिकारी फीस आदि का सत्यापन करेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी आरके शर्मा ने निदेशालय की ओर से फीस लॉक करने के लिए पोर्टल खुलने की पुष्टि की है। बताया कि निर्धारित अवधि में पारदर्शी तरीके से संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र अनुसूचित जाति वर्ग के दशमाेत्तर छात्रवृत्ति योजना में आवेदन करने के बाद अब तक वंचित विद्यार्थियों के खाते में छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति राशि का भुगतान नियमानुसार होगा।