जायस रेलवे स्टेशन रोड पर पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुई बिजली लाइन। -संवाद
जायस। सलोन और बहादुरपुर फीडर से जुड़े गांवों में सोमवार से बिजली आपूर्ति ठप होने से करीब एक लाख की आबादी बेहाल है। इनवर्टर जवाब दे गए हैं। बिजली से चलने वाले पंप बंद होने से पानी का संकट खड़ा हो गया है। उमस भरी गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग भी परेशान हैं।
खरौली, मवई आलमपुर, बेहटा समेत दर्जनों गांवों में बिजली संकट से घरेलू कामकाज और दुकानों का काम प्रभावित है। ग्रामीणों को पीने और दैनिक जरूरत का पानी जुटाने में दिक्कत हो रही है। कई लोगों को मोबाइल चार्ज कराने के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ा।
मोहित, राकेश, सनी और मुन्ना समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न मिलने से गर्मी में घरों में रहना मुश्किल हो गया है। पानी की व्यवस्था करने में सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
अधिशासी अभियंता राकेश रोशन ने बताया कि जायस स्टेशन रोड पर पेड़ गिरने से 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।