अमेठी सिटी। लोकसभा चुनाव को लेकर मनीषी महाविद्यालय में चल रहे कर्मियों के प्रशिक्षण में अनुपस्थित कर्मियों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने अनुपस्थित मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए हैं कि वह अपना प्रशिक्षण 14 मई 2024 को अनिवार्य रूप से प्राप्त कर लें अन्यथा निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को तीसरे दिन मनीषी महिला महाविद्यालय गौरीगंज में 1712 मतदान कार्मिकों (पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय) को द्वितीय प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर संजय श्रीवास्तव, मोहम्मद असलम, राजीव प्रजापति, संदीप यादव ने कर्मियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों द्वारा ईवीएम संबंधित विशेष बिंदुओं जैसे पीठासीन के कार्य, कितने प्रकार के लिफाफे जमा करने हैं, ईवीएम को जोड़ने का सही क्रम क्या है, टेंडर वोट क्या है, चैलेंज वोट क्या है, वोटिंग कंपार्टमेंट में कौन-कौन सी मशीन रहती हैं, ईवीएम मशीन में आने वाले एरर आदि का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कुल 17 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे। इनका वेतन रोकने का आदेश दिया गया है। जिला विकास अधिकारी तेज भान सिंह, एसओसी केलकर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी निशा अनंत ने जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज में स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष, ईवीएम कमिश्निंग व पोलिंग पार्टी रवाना स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम आशीष सिंह, प्रीती तिवारी सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।