अमेठी सिटी। गौरीगंज से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ अयोध्या के गोसाईंगंज से सपा विधायक अभय सिंह और जालौन के कालपी से सपा विधायक विनोद चतुर्वेदी ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। तीनों नेताओं के भाजपा में आने से जिले की सियासत में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।
जामो रोड स्थित राकेश प्रताप सिंह के आवास मंगलम पर आयोजित समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति इरानी ने तीनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें भगवा पटका पहनाया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों का स्वागत किया गया और नेताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। तीनों नेताओं ने टोल फ्री नंबर पर फोन कर औपचारिक सदस्यता भी ली।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने बुंदेलखंड में एक्सप्रेसवे और डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का जिक्र किया। साथ ही कालपी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर भी बात रखी।
700 जनप्रतिनिधियों को साथ लाने का दावा
राकेश प्रताप सिंह ने कार्यक्रम से पहले दावा किया था कि गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के करीब 700 ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य उनके साथ भाजपा में शामिल होंगे। हालांकि, उनके साथ आने वाले जनप्रतिनिधियों की वास्तविक संख्या आगे स्पष्ट होगी।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव कुमार बालियान, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य, संगठन महामंत्री भोला सिंह, मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, दारा सिंह चौहान, दिनेश सिंह, दयाशंकर सिंह और कृष्णा पासवान मौजूद रहे। विधायक पूजा पाल, सुरेश पासी, अशोक सरोज और विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ला व पवन चौहान भी शामिल हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला समेत पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।