अमेठी सिटी। शिवरतनगंज इलाके के अहोरवा भवानी में हुए शिक्षक परिवार हत्याकांड में पुलिस ने मृतक शिक्षक के पिता के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही घटना स्थल का भी मौका-मुआयना किया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चार्जशीट लगाई जाएगी, ताकि कातिल को शीघ्र सजा दिलाई जा सके।
रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के सुदामापुर गांव निवासी शिक्षक सुनील कुमार, उनकी पत्नी पूनम, दो बेटियों सृष्टि व लाडो अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र अहोरवा भवानी कस्बे में किराए के मकान में रहते थे। तीन अक्तूबर की देर शाम इन चारों लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। मामले में रायबरेली के ही चंदन वर्मा के विरुद्ध पुलिस ने मृतक शिक्षक के पिता राम गोपाल की तहरीर पर केस दर्ज किया था। बाद में एसटीएफ टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे जेवर से आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसे पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था।
अब पुलिस ने इस मामले में जांच व कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को मृतक के पिता रामगोपाल का विवेचक सीओ डॉ. अजय सिंह ने बयान दर्ज किया। उन्हें रायबरेली से बुलाया गया था। बयान दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने घटना स्थल का दोबारा निरीक्षण कर नजरी नक्शा सहित अन्य कार्रवाइयां पूरी की हैं। पुलिस के अनुसार विवेचना तकरीबन पूरी हो चुकी है। सिर्फ सीडीआर सहित कुछ अन्य रिपोर्ट का इंतजार है। उम्मीद है कि पुलिस आगामी सोमवार तक इस घटना को लेकर आरोपी के खिलाफ कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल कर सकती है।
सीओ डॉ. अजय सिंह ने बताया कि मामले में जल्द ही आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।