प्रयागराज जा रहे कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह को गौरीगंज में रोकते पुलिसकर्मी।
- फोटो : प्रयागराज जा रहे कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह को गौरीगंज में रोकते पुलिसकर्मी।
अमेठी सिटी। कांग्रेस नेता और पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह को बुधवार को पुलिस ने गौरीगंज में लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में रोक लिया। वे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में प्रयागराज संगम जाने की तैयारी कर रहे थे। मुंशीगंज के सेवई हेमगढ़ गांव से लगभग 150 समर्थकों के साथ उनका काफिला प्रयागराज के लिए रवाना हुआ, लेकिन प्रशासन ने उन्हें नहीं जाने दिया।
पूर्व एमएलसी बुधवार को अपने पैतृक गांव से प्रयागराज के लिए निकले थे। उनका काफिला जैसे ही गौरीगंज पहुंचा, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद दीपक सिंह को गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने उनसे बातचीत की। उपजिलाधिकारी प्रीति तिवारी और क्षेत्राधिकारी अखिलेश वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की और शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कही। करीब दो घंटे की बातचीत के बाद दीपक सिंह को गेस्ट हाउस से जाने दिया गया।
दीपक सिंह ने बताया कि उनकी शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से दो बार फोन पर बातचीत हुई। शंकराचार्य ने उन्हें वाराणसी प्रस्थान की जानकारी दी, जिसके बाद उनका प्रयागराज जाने का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।