तिलोई : सुनील कुमार गौतम (फाइल फोटो)। संवाद
- फोटो : AMETHI
तिलोई (अमेठी)। मोहनगंज थाना क्षेत्र के गांव पूरे दलगंजन मजरे कूरा निवासी अवकाश पर घर आया एक पुलिस कर्मी की शुक्रवार शाम सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक पुलिस कर्मी वर्तमान में लखीमपुर खीरी जिले के पुलिस लाइंस में सिपाही के पद पर तैनात था। पुलिस ने अज्ञात वाहन के विरुद्ध केस दर्ज कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत की खबर मिलते ही परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना क्षेत्र के गांव पूरे दलगंजन मजरे कूरा निवासी सुनील कुमार गौतम (34) पुत्र केदारनाथ गौतम लखीमपुर खीरी जिले की पुलिस लाइंस में सिपाही के पद पर तैनात था। सुनील इन दिनों अवकाश पर घर आया था। शुक्रवार देर शाम करीब आठ बजे वह स्कूटी से अपनी ससुराल फूला में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहा था। तिलोई-इन्हौना मार्ग पर लोघवारिया के निकट निगहा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह स्कूटी समेत गड्ढे में जा गिरा।
मौके पर पहुंचे राहगीरों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को आननफानन सीएचसी तिलोई में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक सिपाही हेलमेट पहने था। एसएचओ ज्ञानचंद शुक्ल ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सड़क दुर्घटना में मृतक पुलिस कर्मी सुनील कुमार गौतम का विवाह 10 वर्ष पूर्व मोहनगंज थाना क्षेत्र के फूला निवासी कंचन लता के साथ हुआ था। मृतक सिपाही के एक पुत्र शिवांश (8) व दो पुत्री कनकलता (5) तथा कीर्ति (5) हैं। सभी का घटना के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। असमय हुई पिता की मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया। मृतक के पिता केदारनाथ पेशे से वकील हैं। मृतक दो भाइयों के बीच में घर का बड़ा बेटा था। छोटा भाई अनिल कुमार गौतम दिल्ली में रहकर एक फैक्टरी में प्राइवेट नौकरी करता है।