अमेठी। ग्राम प्रधान पति की जलाकर हुई हत्या के बाद गांव में पांचवे दिन भी पुलिस का पहरा रहा। गांव में पीड़ित परिवार की करुणवेदना सन्नाटे को तोड़ रही है तो संवेदना देने वाले गांव पहुंचकर पीड़ित को सांत्वना देने में जुटे हैं। पाचवें दिन भी पुलिस घटना के हर पहलू पर विस्तृत जांच-पड़ताल में जुटी रही।
बंदोइया ग्राम प्रधान पति अर्जुन कोरी (50) गुरुवार रात गांव के ही कृष्ण कुमार तिवारी के अहाते में गंभीर रूप से झुलसे मिले थे जिनकी उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई।
प्रधानपति की मौत के बाद परिवारीजनों ने गांव के ही एक नाबालिग समेत पांच लोगों पर हत्या करने का केस दर्ज कराया था। प्रधानपति की मौत के बाद गांव में आक्रोश को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनाती कर प्रशासन ने शनिवार को मृतक का अंतिम संस्कार कराया था।
प्रधानपति की मौत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तो गांव में सन्नाटा पसरा है। सोमवार को भी स्थानीय लोग व रिश्तेदार संवेदना वक्त करने पीड़ित परिवार के घर आते जाते रहे।
प्रधानपति की मौत के बाद गांव में सन्नाटा व संवेदना के बीच चर्चा-परिचर्चा का बाजार भी गर्म है। तकरीबन हर कोई घटना को अंजाम देने वाले सही लोगों के पकड़े जाने की राह देख रहे हैं।
घटना के दिन से ही गांव में विभिन्न संगठनों की ओर से मामले को तूल देने की कोशिश व पीड़ित परिवार में आक्रोश को देखते हुए गांव में सोमवार को भी भारी संख्या में फोर्स तैनात रही है। जांच में जुटी पुलिस टीमें घटना की हकीकत जानने के लिए कई बिंदुओं पर काम कर रही हैं।