अमेठी। जिले में अपराध पर अंकुश लगाया जा सके इसके लिए सभी थानों की पुलिस लगातार धरपकड़ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत मोहनगंज पुलिस ने सोमवार अल सुबह 20 हजार रुपये के एक इनामी को उसके भाई के साथ धर दबोचा।
मोहनगंज थाने के गांव सरदारगंज निवासी रज्जब अली व रज्जन अली (सगे भाई) बदमाश प्रवृत्ति के हैं। दोनों पर पिछले दिनों अपहरण, दुष्कर्म, मारपीट, पॉक्सो एक्ट के अलावा एससी/एसटी एक्ट का केस दर्ज किया गया था। इसके पहले भी रज्जन पर कई केस दर्ज हैं।
रज्जन पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया है। सोमवार अल सुबह मोहनगंज थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव को दोनों भाइयों के कोची मोड़ के पास मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसएचओ विश्वनाथ एक दरोगा व तीन सिपाहियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो दोनों भाई भागने लगे।
पुलिस ने दोनों भाइयों को दौड़ाकर धर दबोचा। एसएचओ ने बताया कि पकड़े गए दोनों भाई शातिर बदमाश हैं। दोनों आए दिन किसी न किसी घटना में एक साथ शामिल रहते हैं। उनका क्षेत्र में भी खासा दबदबा है।