मुसाफिरखाना। पूरे मोहम्मद नेवाज गांव में भूमि विवाद के चलते हुई वृद्धा शिवपता की हत्या के मामले में पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों पर कोई कार्रवाई न होने से मृतका के परिजनों के साथ ही गांव के लोगों में भी आक्रोश बढ़ने लगा है।
शनिवार को क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार नामजद आरोपियों के मोबाइल फोन बंद चल रहे हैं, जिससे उनकी तलाश में परेशानी आ रही है। पुलिस टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। शिवपता की मौत के बाद बहू सुनीता की तहरीर पर प्रधान पति मोहम्मद तौकीर पर हत्या की साजिश रचने के साथ ही जयवर्धन, हर्षवर्धन, जहीद उल्ला और बल्लन के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत हुआ है।
परिजनों का कहना है कि अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से न्याय की उम्मीद धूमिल पड़ने लगी है। क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है। साक्ष्य, बयान और तकनीकी इनपुट के आधार पर कार्रवाई की दिशा तय की जा रही है। भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।