तिलोई (अमेठी)। जिले के गंभीर रोगियों को जल्द आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी। तिलोई के निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर 17.53 करोड़ से क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माण का शिलान्यास रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल किया है।
जल्द ही क्रिटिकल केयर ब्लॉक में सभी 50 बेडों पर आईसीयू, एचडीयू, वेंटिलेटर के साथ हर बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध होगी। मरीजों को उपचार कराने के लिए गैर जिले की परिक्रमा से निजात मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की कोशिश व पहल के बाद स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव पर जिले में 17.50 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माण को गत दिनों मंजूरी मिली। मंजूरी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे गोबरे रस्तामऊ तिलोई में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के प्रस्तावित कार्य को पूरा करने के लिए गुजरात के राजकोट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल विधि से परियोजना का शिलान्यास किया।
क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण पूरा होने के बाद गंभीर मरीजों को सहूलियत मिलनी शुरू हो जाएगी। क्रिटिकल केयर ब्लॉक आईसीयू, आईसोलेशन वार्ड, हाई डिफेंसिव यूनिट (एचडीयू) वेंटिलेटर के साथ हर बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि आईसीयू, आइसोलेशन बेड के अलावा वेंटिलेटर व ऑक्सीजन जैसी सुविधाएं भी होंगी। इसके साथ ही गंभीर मरीजों का इलाज किया जाएगा। इसके लिए अलग से चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। अत्याधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी और सभी प्रकार की जांच सुविधा उपलब्ध होगी।
ब्लॉक में काम करने वालों को मिलेगा प्रशिक्षण
इसमें सामान्य चिकित्सा, पीआईसीयू, गहन नर्सिंग देखभाल, हृदय गति, श्वांस और रक्तचाप जैसी समस्याओं की निरंतर निगरानी की जाएगी। क्रिटिकल केयर ब्लॉक में काम करने वाले चिकित्सकों, नर्सों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. रीना व रेफरल अस्पताल सीएमएस डॉ. आजम खान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुरपुर रमेश सिंह, सिंहपुर ब्लॉक प्रमुख अंकित पासी, कमलेश द्विवेदी व भाष्कर आदि मौजूद रहे।