अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में आपातकालीन विद्युत केबल जलने से फिजियोथेरेपी विभाग में आपूर्ति बंद हो गई है। पांच दिन बाद भी आपूर्ति नहीं बहाल हो पाई। ऐसे में मरीजों की फिजियोथेरेपी नहीं हो पा रही है। उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में संचालित फिजियोथेरेपी विभाग और ब्लड सेंटर में विद्युत केबल आदि की मरम्मत का कार्य चल रहा है। बीते दिनों अस्पताल में लगी आपातकालीन केबल जल गई थी, जिससे फिजियोथेरेपी विभाग और ब्लड सेंटर में विद्युत आपूर्ति की समस्या उत्पन्न हो गई। ब्लड सेंटर की विद्युत आपूर्ति बाहर से केबल डालकर तत्काल संचालित करा दी गई। वहीं, केबल जलने से फिजियोथेरेपी विभाग की विद्युत आपूर्ति पांचवें दिन भी बहाल नहीं हो पाई। विद्युत कर्मी मरम्मत कार्य में जुटे रहे। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से फिजियोथेरेपी विभाग की मशीनें पूरी तरह ठप हैं।
ऐसे में मंगलवार को अस्पताल आए फिजियोथेरेपी कराने वाले मरीजों को मायूस लौटना पड़ा। विभाग में मौजूद फिजियोथेरेपिस्ट राम सिंह रघुवंशी आने वाले मरीजों को एक्सरसाइज आदि टिप्स देते दिखे। फिजियोथेरेपिस्ट ने बताया कि केबल ठीक हो गई है। कक्ष में कनेक्शन देने के कार्य बाकी है।