गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार कम होने के बाद शासन के निर्देश पर मिली रियायत ने लोगों को लापरवाह बना दिया है। जागरूकता व कार्रवाई अभियान के बावजूद लोग तमाम लोग जहां बिना मास्क के सड़क पर घूमते नजर आए वहीं अधिकांश स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग की भी धज्जियां उड़ती नजर आईं।
कोविड-19 वायरस के दूसरे चरण में सामूहिक संक्रमण व मौत के आंकड़ों को कम करने के लिए कोविड कर्फ्यू लगाया गया था। संक्रमण की रफ्तार कम होने के बाद एक जून से इसमें रियायत देते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलने व बचाव के लिए मास्क के प्रयोग को अनिवार्य किया था।
बावजूद इसके बुधवार को लोग कोरोना संक्रमण से बेखौफ हो बेवजह घर से बाहर समूह में टहलते नजर आए। यही नहीं इसमें तमाम लोग तो ऐसे भी थे जिन्होंने मास्क व ग्लब्स नहीं पहने थे। सब्जी मंडी के लिए निर्धारित मैदान में सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन होता नजर नहीं दिखाई दिया। ऐसा कर लापरवाह लोग खुद के साथ अन्य लोगों के लिए भी संकट बन रहे हैं।