अमेठी के गांधी चौक में लगा जाम।-संवाद
अमेठी। सहालग शुरू होते ही शहर की सड़कें जाम से बेहाल हैं। मनमानी पार्किंग और नियमों की अनदेखी ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सोमवार दोपहर बाद शादी-विवाह के लिए खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम से जूझना पड़ा। मुख्य मार्गों पर रोजाना घंटों जाम लग रहा है, जिससे स्कूल, ऑफिस और बाजार जाने वाले लोग भी मुश्किल में हैं।
शहर के गांधी चौक, राजर्षि तिराहा, सगरा तिराहा और अंबेडकर चौराहा जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था अस्त-व्यस्त दिख रही है। अनियंत्रित पार्किंग के कारण दोपहिया तक निकालना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी अनिल तिवारी बताते हैं कि सहालग शुरू होते ही सुबह और शाम की स्थिति बेहद खराब है। ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी कम होने से लोग जहां-तहां वाहन खड़े कर देते हैं।
दुकानदार सूरज का कहना है कि सगरा तिराहे पर वाहन की लाइन लगते ही ग्राहक अंदर आने से हिचकते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित होता है और विवाद की स्थिति भी बन जाती है। अंबेडकर चौराहे पर रोजाना जाम से स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ती है।
सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि सहालग को देखते हुए जांच अभियान तेज किया गया है। नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई और चालान किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नियमों का पालन करें और अवैध पार्किंग से बचें, जिससे शहर को जाम-मुक्त बनाया जा सके।