गौरीगंज के मऊ गांव में हनुमान जयंती के अवसर पर हनुमान चालीसा का पाठ करते विधायक राकेश प्रताप सि
अमेठी सिटी। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शनिवार को गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह के आह्वान पर आयोजित सनातनियों की हुंकार कार्यक्रम ने भक्ति और तकनीक के समन्वय का एक नया कीर्तिमान रच दिया। सनातनियों की हुंकार कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वस्तरीय हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान देश-विदेश के लोग चालीसा पाठ से लाइव जुड़े व सोशल मीडिया पर पोस्ट भी साझा की।
विधायक राकेश प्रताप सिंह के आह्वान परद सुबह आठ बजे से शुरू हुए इस विश्वस्तरीय हनुमान चालीसा पाठ में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अमेरिका, जापान, ब्राजील और इंग्लैंड जैसे देशों से करोड़ों श्रद्धालु डिजिटल माध्यम से जुड़ गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हनुमान चालीसा पाठ और सनातनी जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि फिल्मी सितारे, धर्माचार्य, समाजसेवी और आमजन सभी ने फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम जैसे मंचों से लाइव जुड़कर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
गौरीगंज के मऊ गांव में विधायक राकेश प्रताप सिंह ने स्वयं 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान वटुकों, स्कूली बच्चों और ग्रामीण श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूदगी रही। पाठ के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया।
विधायक राकेश प्रताप सिंह ने इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता पर कहा कि हनुमानजी के जन्मोत्सव पर इतने व्यापक स्तर पर पाठ होना हमारी संस्कृति, श्रद्धा और एकता का परिचायक है। यह कार्यक्रम सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की यह गूंज अब केवल भारत में नहीं, बल्कि विश्वभर में सुनाई दे रही है।