जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र स्थित 32 केवी विद्युत उपकेंद्र में मंगलवार को ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि और चबूतरा निर्माण कार्य के चलते औद्योगिक क्षेत्र व उससे जुड़े आवासीय सेक्टर की बिजली आपूर्ति लगभग नौ घंटे तक बाधित रही। शाम तीन बजे बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद रात 11 बजे के बाद ही आपूर्ति बहाल हो सकी, जिससे उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
ऊर्जा निगम ने पूर्व सूचना के अनुसार मंगलवार सुबह 11 से शाम चार बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप रखने की बात कही थी, लेकिन गर्मी और तेज धूप को देखते हुए दोपहर बाद तीन बजे कार्य प्रारंभ किया गया। कार्य में अपेक्षा से अधिक समय लगने के कारण आपूर्ति देर रात तक बहाल नहीं हो सकी। बिजली कटौती के कारण उपभोक्ताओं को उमसभरी गर्मी के साथ-साथ पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा।
क्षेत्र की यूपीसीडा आवासीय कॉलोनी, कठौरा, अशरफगढ़, बीएचईएल टाउनशिप सहित मयूर टिंबर, अल्वी पैकेजिंग, मां दुर्गा इंटरप्राइजेज जैसी औद्योगिक इकाइयों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान लोगों को समस्याओं से जूझना पड़ा। स्थानीय निवासी विजय सिंह, आर डी लाल श्रीवास्तव, जेपी यादव, अखिलेश सिंह, ओम प्रकाश शुक्ला, रजनी श्रीवास्तव व प्रतिमा सिंह ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ा।
अवर अभियंता आरवाई दूबे ने बताया कि कार्य को समय से पहले शुरू करते हुए शाम पांच बजे के आसपास आपूर्ति बहाल कर दी गई थी, लेकिन उपभोक्ताओं ने दावा किया कि शाम साढ़े पांच बजे कुछ मिनट की आपूर्ति के बाद फिर से बिजली चली गई और पूरी तरह आपूर्ति रात 11 बजे के बाद ही मिल सकी।