टीकरमाफी स्थित स्वामी परमहंस आश्रम के पास ‘आई लव महादेव’’’’ लिखे पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन करत
अमेठी सिटी। टीकरमाफी स्थित स्वामी परमहंस आश्रम के पास शुक्रवार को लोगों ने आई लव महादेव लिखे पोस्टर-बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से छेड़छाड़ कर समाज का माहौल खराब करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य जगन्नाथ पांडेय ने किया। उनके साथ राजीव, अयोध्या मिश्र और कमरेंद्र सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि समाज में जानबूझकर धार्मिक आधार पर तनाव फैलाने वाले तत्व सक्रिय हैं। यदि समय रहते इन्हें रोका नहीं गया तो यह गंभीर विवाद का कारण बन सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर-बैनर के साथ जुलूस निकाले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे आयोजनों से लोगों के बीच अनावश्यक बहस और तनाव पैदा हो रहा है। इसी कड़ी में अब आई लव महादेव लिखे पोस्टरों के साथ प्रदर्शन किया जा रहा है, ताकि यह संदेश दिया जा सके कि आस्था किसी की निजी संपत्ति नहीं है और इसे राजनीति या विवाद का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के बाद लोगों ने कहा कि धार्मिक सौहार्द को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक ढंग से विरोध किया जाएगा।