फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: अमेठी-ककवा रोड पर बंद रेलवे क्रॉसिंग खुलवाने को लेकर जुटे लोग

Mon, 05 Feb 2024 01:18 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी। शहर के ककवा रोड स्थित 102बी रेलवे क्रॉसिंग को बंद करने से नाराज भारी संख्या में व्यापारियों के साथ जनसमूह रविवार शाम इकट्ठा हुआ। मौजूद लोगों ने क्रॉसिंग खोलने और किठावर मार्ग को शहर से जोड़ने की मांग उठाई। मौके पर पहुंचे सांसद व केंद्रीय मंत्री प्रतिनिधि ने लोगों को समाधान का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन

शहर के ककवा रोड स्थित 102 बी रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाई ओवर निर्माण होने के बाद अचानक रेल प्रशासन ने शनिवार को रेलवे क्रॉसिंग को पूरी तरह से बंद कर दिया। क्रॉसिंग बंद होने के बाद किठावर मार्ग के साथ ही वार्ड नंबर तीन के लोगों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। पैदल, बाइक व चार पहिया वाहन से लोग सीधे शहर नहीं पहुंच सकते। उन्हें करीब चार से पांच किलोमीटर की दूरी तय कर शहर पहुंचने को मजबूर होना पड़ रहा है। दूसरी ओर क्रॉसिंग बंद होने के चलते व्यापारियों का व्यवसाय पूरी तरह चौपट हो गया है।
रविवार को आक्रोशित व्यापारी और स्थानीय लोगों ने बंद की गई क्रॉसिंग को खुलवाए जाने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। भारी संख्या में व्यापारी, स्थानीय लोग और राहगीर क्रॉसिंग के समीप इकट्ठा हुए। करीब 5.30 बजे के बाद स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याओं को जाना। उन्होंने सांसद व केंद्रीय मंत्री की ओर से आश्वासन दिया कि हर संभव समस्या का निस्तारण किए जाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद लोग शांत हुए।
विज्ञापन

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र, जिला महामंत्री सुधांशु शुक्ल, विषुव मिश्र, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष देवनारायन तिवारी, पवन कुमार अग्रवाल, जिलाध्यक्ष महेश सोनी, राजेश मिश्र, हरिकेश श्रीवास्तव, फूलचंद कसौधन, विजय अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, बृजेश मिश्र, सौरभ तिवारी, शमीम, भीम सिंह, आनंद बरनवाल आदि मौजूद रहे।
सांसद ने लिया मामले का स्वत: संज्ञान
सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने मामले को स्वत: संज्ञान लिया है। रेल मंत्रालय से उन्होंने बात की है। उन्होंने कहा कि उनकी भी रेलवे के जरनल मैनेजर से बात हुई है। इसके संबंध में पत्राचार किया जा रहा है। लोगों को पैदल और बाइक के लिए रास्ता मिले इसका हर संभव प्रयास किया जाएगा।
15 तक शुरू हो जाएगा सर्विस रोड का निर्माण
ककवा रोड पर सर्विस रोड का निर्माण नहीं होने को लेकर के रविवार को सांसद प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने नाराजगी जताई। उन्होंने व्यापारियों की मांग पर तत्काल संबंधित कार्यदायी संस्था से बात की। कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा किया जाए। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने 15 फरवरी तक निर्माण कार्य शुरू कर जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
लोगों ने बयां की पीड़ा
व्यापारी आनंद कुमार बरनवाल ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बाद व्यापार पूरी तरह से चौपट हो गया है। कहा कि नीचे से आवागमन बंद होने से जितने भी दुकान प्रतिष्ठान थे सभी बंद होने की कगार पर हैं। अजय उर्फ अज्जू अग्रवाल ने कहा कि उनका प्रतिष्ठान किठावर मार्ग पर स्थित है और आवास ककवा रोड पर है। ऐसे में आवागमन के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। पैदल भी कोई मार्ग नहीं है जिससे वह सुगमतापूर्वक पहुंच सकें। अनूप अग्रवाल ने कहा कि क्रॉसिंग बंद होने के चलते किठावर मार्ग से पूरी तरह संपर्क टूट गया है। ऐसे में वार्ड नंबर तीन के साथ ही किठावर मार्ग व कई गांव के लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। कोई भी बाईपास नहीं है, जिससे वह शहर आसानी से पहुंच सकें। इसी तरह अन्य लोगों ने भी आवागमन की समस्या उठाते हुए लो हाइट अंडरपास बनवाए जाने की मांग उठाई है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री को भेजा ज्ञापन
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को ज्ञापन भेजकर ककवा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग खुली रखने की मांग की है। जिला पंचायत अध्यक्ष का कहना है कि मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगोें व व्यापारियों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता को उन्होंने ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें