अमेठी सिटी। मौसम की तल्खी थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में भीषण गर्मी ने जहां आमजन को बेहाल कर दिया है, वहीं बिजली की लगातार कटौती ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। ग्रामीण इलाकों में दिनभर अघोषित बिजली कटौती के चलते लोग गर्मी से जूझ रहे हैं।
तेज धूप और पछुआ हवाओं के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग गमछा, छाता और टोपी के सहारे तेज धूप से बचने का प्रयास करते दिखे। खासतौर पर स्कूलों से छुट्टी के समय बच्चे झुलसा देने वाली हवाओं का सामना कर रहे हैं। कई अभिभावक बच्चों को छाता और पानी की बोतल के साथ स्कूल लेने पहुंच रहे हैं। गर्मी के असर ने फसलों पर भी बुरा प्रभाव डालना शुरू कर दिया है। दलहनी और सब्जी फसलें तेज धूप के कारण मुरझाने लगी हैं।
किसान शिव किशोर, रामदीन और कमलकिशोर ने बताया कि इस समय सब्जी फसलों के लिए सिंचाई बेहद जरूरी है, लेकिन बिजली कटौती के चलते मोटर नहीं चल पा रही हैं, जिससे फसलों के सूखने का खतरा बढ़ गया है। पिछले 25 दिनों में सात से आठ डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ा है। सुबह नौ बजे तक धूप इस कदर तेज हो जाती है कि घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। दोपहर में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती हो रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
गौरीगंज जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली आपूर्ति पटरी से उतर गई है। बार-बार ट्रिपिंग के कारण पंखे, कूलर और इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं। बिजली संकट के चलते पेयजल की समस्या भी गंभीर हो रही है।
बिजली की आंख मिचौली से उपभोक्ता परेशान
भादर (अमेठी)। पावर हाउस पीपरपुर के भोजपुर, नरायनपुर, लहना, पीपरपुर फीडर के गांवों में बिजली की आंखमिचौली से इस भीषण गर्मी में उपभोक्ता परेशान हैं। राजेश सिंह, सौरभ सिंह, विकास कुमार सहित कई उपभोक्ताओं का कहना है कि रोस्टिंग के इतर बीच-बीच में विद्युत कटौती कर दी जाती है, जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कल कारखाने ठप हो जाते हैं। मूंग, उड़द, चारे की सिंचाई प्रभावित होती है। जेई रवि सिंह ने बताया की रोस्टिंग के हिसाब से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। तेज हवा की वजह से थोड़ी बहुत कटौती कर दी जाती है।
सेहत के प्रति बरतें सावधानी
सीएचसी गौरीगंज के अधीक्षक डॉ. राजीव सौरभ ने बताया कि भीषण गर्मी में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दिन के समय गैर जरूरी बाहर निकलने से बचें। बाहर जाते समय सिर और शरीर को ढककर रखें, खूब पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
प्वाइंटर
गर्मी से बचाव के उपाय
दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें।
सिर और चेहरे को गमछा या कपड़े से ढकें।
खूब पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।
हल्के और सूती कपड़े पहनें।
तेज धूप में खाली पेट बाहर न निकलें।
ओआरएस घोल या नींबू पानी का सेवन करें।
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।