अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर मुंबई के लिए संचालित उद्योगनगरी के साथ स्पेशल ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 200 के पार चल रहा है। यह स्थिति आने और जाने दोनों की है। तत्काल कोटे के टिकट के लिए रातभर कतार में लगने के बाद भी यात्री मायूस होकर लौट रहे हैं।
त्योहारों पर ऑनलाइन के साथ ही बुकिंग काउंटर पर टिकट बुक करवाने के लिए लोग परेशान हैं। मुंबई के तत्काल कोटे के टिकट तो एक मिनट से कम में ही बुक हो जा रहे हैं। मुंबई के लिए संचालित उद्योगनगरी व स्पेशल ट्रेनों में त्योहारों के आसपास लंबी प्रतीक्षा सूची है। त्योहारों के बाद वापस जाने की स्थिति भी ऐसी ही है। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को तत्काल टिकट के लिए कतार में लगे लोगों को न एसी में जगह मिली और न ही स्लीपर कोच में। ऐसे में यात्रियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
दशहरे पर घर आए सुजानपुर निवासी राजितराम पाल ने बताया कि वह मुंबई में रहते हैं। दशहरे में घर आए थे। दीपावली के बाद जाने का टिकट कन्फर्म था, लेकिन मुंबई से मालिक का बुलावा आया है। जाना जरूरी है। ऐसे में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से अब वेटिंग में भीड़ में यात्रा करनी होगी। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर एसी कोच में तत्काल टिकट के लिए 10 लोग कतार में लगे थे, लेकिन सिर्फ तीन को ही टिकट मिल सका। यही हाल स्लीपर कोच का रहा। स्लीपर में तत्काल टिकट के लिए 20 लोग कतार में लगे थे, जिसमें आठ लोगों को ही टिकट मिल सके।
नियमित हो रही बुकिंग
स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि तत्काल कोटे के टिकट नियमित बुक हो रहे हैं, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण टिकट जल्दी बुक हो जा रहे हैं। विभाग की कोशिश रहती है कि अधिक से अधिक यात्रियों को तत्काल कोटे के टिकट का लाभ मिल सके।