अमेठी सिटी। गर्मी की तपिश में ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा रही है। मंगलवार को लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेलखंड पर कई ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं। इससे यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।
अमृतसर से हावड़ा के बीच चलने वाली पंजाब मेल चार घंटे की देरी से गौरीगंज स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन से सफर कर रहे राधेश्याम, करुणाशंकर और रविकुमार ने बताया कि चिलचिलाती धूप में लंबा इंतजार बेहद तकलीफदेह रहा। आनंद विहार-दानापुर और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी क्रमश: चार और दो घंटे की देरी से आईं। पद्मावत एक्सप्रेस एक घंटा, संगम स्पेशल एक घंटा, वाराणसी इंटरसिटी 50 मिनट, देहरादून एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, गया-पुरी-दिल्ली एक्सप्रेस एक घंटा और जनता एक्सप्रेस 70 मिनट की देरी से स्टेशन पहुंचीं।
अन्य ट्रेनों की स्थिति भी कुछ अलग नहीं रही। यात्रियों का कहना है कि प्लेटफार्म पर छांव और पंखों की व्यवस्था नहीं है। ऊपर से ट्रेन की सही समय पर सूचना भी नहीं दी जाती। जानकारी अक्सर तब मिलती है, जब गाड़ी स्टेशन के करीब पहुंच जाती है। इस कारण यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेनों से जुड़ी सूचनाओं का प्रसारण किया जाता है। यात्रियों को तकलीफ न हो, इसके लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं।