फुरसतगंज। रेलवे स्टेशन फुरसतगंज पर सोमवार सुबह जनता एक्सप्रेस में चढ़ते समय गुजरात के जोटानिया राजकोट निवासी मनसुख भाई वशरामभाई (65) का पैर फिसल गया। इससे वह प्लेटफार्म पर गिरे और बेहोश हो गए। सीएचसी ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
मनसुख भाई की पत्नी संजू बेन ने बताया कि वह पति व परिवार के चार लोगों के साथ बेटी की अस्थियां विसर्जित करने वाराणसी जा रही थीं। सभी लखनऊ से देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस में सवार हुए थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे ट्रेन फुरसतगंज स्टेशन पर रुकी तो उनके पति पानी लेने नीचे उतर गए। ट्रेन चलने लगी तो वह चढ़ने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान हादसा हो गया।
ट्रेन में बैठे परिवार के लोगों की चीख-पुकार सुनकर रेलकर्मी तुरंत सक्रिय हुए। ट्रेन को रोका गया। परिजनों व रेलकर्मियों की मदद से घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जीआरपी इंस्पेक्टर अजय वर्मा ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।