अमेठी। हाथरस में पीड़ित परिवार के घर सांत्वना देने पहुंचे आप सांसद संजय सिंह, दिल्ली सरकार के डिप्टी स्पीकर व कैबिनेट मंत्री पर पुलिस की मौजूदगी में हुए हमले से नाराज पार्टी नेता मंगलवार को सड़क पर उतर आए। कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को देकर पीड़ित परिवार को वाई श्रेणी सुरक्षा तथा सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में जांच कराने की मांग की।
हाथरस में हुई दुष्कर्म की घटना के बाद शुरू बवाल कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को पीड़ित परिवार के घर सांत्वना देने पहुंचे आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, दिल्ली विधानसभा की डिप्टी स्पीकर राखी बिड़ला, कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, पंजाब प्रांत के नेता विपक्ष हरपाल सिंह चीमा पर पुलिस सुरक्षा के बीच हुए हमले से नाराज जिले के आप कार्यकर्ता मंगलवार को सड़क पर उतर आए।
जिलाध्यक्ष शिव प्रसाद कश्यप की अगुवाई में एकत्र कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया।
आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई न करने, शव को जबरन जलाकर सबूत नष्ट करने तथा प्रशासनिक अफसरों की ओर से परिवार को धमकाने का आरोप लगाया। आप नेताओं पर पुलिस की मौजूदगी में हुए हमले की निंदा की गई। घटना को अंजाम देने वाले की फोटो प्रदेश के एडीजी कानून व्यवस्था के साथ होने तथा सीएम सूचना निदेशक द्वारा उसे फालो किए जाने पर बड़ा सवाल खड़ा किया है।