तलोई के कोटवा गांव में स्थित बहुउद्देश्यीय भवन।
अमेठी सिटी। जिले में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत विभिन्न विकास कार्य करवाए जाने हैं, जिसमें प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना वित्तीय वर्ष 2023-24 में अलग-अलग विभागों की ओर से कार्यों के प्रस्ताव दिए गए हैं। जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन के बाद नगर विकास योजना में निर्माण कार्य किए जाएंगे। जिसमें करीब 3.33 करोड़ की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण बहादुरपुर क्षेत्र में कराया जाएगा।
सामुदायिक भवन का निर्माण होने के बाद लोगों को शादी-विवाह व अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए मैरिज लॉन व बैंक्वेट हाॅल के लिए लाखों रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर ही सामुदायिक भवन में लोग सार्वजनिक आयोजन कर सकेंगे। इससे क्षेत्र के करीब दो लाख लोगों को लाभ मिलेगा। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर शासन को प्रेषित किया गया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रभात कुमार के अनुसार शासन से कार्य की स्वीकृति मिलने के बाद कार्यदायी संस्था का चयन करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
36 लाख से बनेगा बच्चों के खेलने के लिए पार्क
अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र जायस में नगर पालिका के माध्यम से बच्चों के खेलने के लिए व मॉर्निंग वॉक करने के लिए पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए बहादुरपुर क्षेत्र में नगर पालिका की ओर से भूमि चिह्नित की गई है। इस कार्य में कुल 36 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पार्क निर्माण से स्थानीय स्तर पर बच्चों, युवाओं व बुजुर्गों को इसका लाभ मिल सकेगा।
बहादुरपुर में तीन सामुदायिक शौचालयों का होगा निर्माण
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के नगर विकास योजना के अंतर्गत बहादुरपुर में सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा। कुल तीन सामुदायिक शौचालय बनने के लिए प्रस्तावित हैं, प्रत्येक में नौ लाख 94 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस तरह तीनों सामुदायिक शौचालय के निर्माण में कुल 29 लाख 82 हजार रुपये का खर्च प्रस्तावित है।