अमेठी सिटी। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत शनिवार से जिले में धान खरीद शुरू हो जाएगी। इस बार शासन ने खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी कराने के लिए नई प्रणाली लागू की है। अब किसानों की पहचान आंखों की स्कैनिंग (आइरिस स्कैन) के माध्यम से की जाएगी। धान बेचने वाले किसानों को सत्यापन के बाद बिक्री की अनुमति मिलेगी और खरीद पूरी होने पर भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा।
जिले में कुल 99 सरकारी क्रय केंद्र बनाए गए हैं। शासन ने धान खरीद की जिम्मेदारी छह एजेंसियों को सौंपी है, जिनमें विपणन शाखा के 42, पीसीएफ के 20, यूपीएसएस के 13, पीसीयू के 20, मंडी परिषद के दो और एफसीआई के दो केंद्र शामिल हैं। सभी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे, पेयजल, छांव और प्रसाधन की सुविधा सुनिश्चित की गई है। इस वर्ष सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ए-ग्रेड धान का 2389 रुपये प्रति क्विंटल तय हुआ है।
जिले में 5,24,552 बीघे में लगभग 32.82 लाख मीट्रिक टन धान उत्पादन का अनुमान है। शासन ने प्रति बीघा आठ से 10 क्विंटल की दर से खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को नमी या फरहा के नाम पर अनावश्यक परेशान न किया जाए और खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जाए। पहले ई पॉस मशीनों से अंगूठे के निशान से सत्यापन किया जाता था, जिससे बुजुर्ग किसानों को परेशानी होती थी।
अब ई पॉस मशीनों में आंखों की स्कैनिंग फीचर जोड़कर इस समस्या का समाधान किया गया है।
इससे केवल पंजीकृत किसान ही बिक्री में शामिल हो सकेंगे और भुगतान में देरी की संभावना नहीं रहेगी। डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा मिश्रा ने बताया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। स्टाफ की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।