गौरीगंज स्थित पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन परिजन व ग्रामीण। संवाद
अमेठी। रायपुर फुलवारी निवासी श्रमिक सियाराम गुप्ता (65) की शनिवार रात संदिग्ध हालात में लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर देवीपाटन के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
सियाराम के बेटे अमित कुमार ने बताया कि पिता शनिवार को घर से निकले थे। काफी देर तक नहीं लौटने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए। उन्होंने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों से जानकारी ली, लेकिन सियाराम का कोई पता नहीं चला। रात में जानकारी मिली कि अमेठी की ओर आ रही इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में देवीपाटन के पास एक व्यक्ति आ गया है।
परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सियाराम के रूप में की। अमित ने बताया कि पिता मजदूरी करते थे। वह देवीपाटन के पास कैसे पहुंचे और ट्रेन की चपेट में आने की स्थिति कैसे बनी, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि रेलवे की ओर से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सियाराम की मौत के बाद पत्नी सुशीला का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे अमित, अरविंद, अमरनाथ और अमन पिता की मौत से गमगीन हैं। बेटियां उर्मिला, माधुरी और पुष्पा भी पिता को खोने के गम में बिलख रही हैं।