तिलोई स्थित मेडिकल कॉलेज के दवा वितरण कक्ष के बाहर लगी मरीजों की लंबी कतार। -संवाद
तिलोई। मेडिकल कॉलेज में इन दिनों हड्डी रोग विभाग पर मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को भी ऑर्थो विभाग में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। दिनभर में 360 मरीजों ने हड्डी रोग विभाग में उपचार कराया। बढ़ती भीड़ के चलते ऑर्थो वार्ड में बेड कम पड़ गए, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन को अतिरिक्त बेड की व्यवस्था करनी पड़ी।
ऑर्थो चिकित्सक डॉ. अजीत यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों की संख्या बढ़ने से हड्डी टूटने और चोट के मामलों में इजाफा हुआ है। इसके चलते वार्ड में भर्ती मरीजों की संख्या बढ़ गई।
मरीजों और तीमारदारों को ओपीडी और जांच के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। कई मरीजों ने समय पर जांच और उपचार न मिलने की शिकायत भी की। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बढ़ती भीड़ के बावजूद मरीजों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार ने बताया कि मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऑर्थो वार्ड में बेड कम पड़ने पर अतिरिक्त बेड की व्यवस्था कराई गई है। मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए आवश्यक संसाधन बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।