गौरीगंज (अमेठी)। जिले में निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से पूरा कराने की कोशिश में जुटीं सीडीओ ने शनिवार शाम निर्माणाधीन आईटीआई इन्हौना का निरीक्षण किया। सीडीओ ने प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता का परीक्षण प्रयोगशाला से कराने का निर्देश दिया। कहा कि सामग्री की गुणवत्ता सही नहीं मिलने पर कार्यदायी संस्था से रिकवरी होगी।
सिंहपुर ब्लॉक के इन्हौना में प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत राजकीय आईटीआई भवन का निर्माण हो रहा है। इसके निर्माण पर 2.15 करोड़ रुपये की लागत आनी है। निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी पैकफेड को मिली है। शनिवार देर शाम सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर ने आईटीआई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़वा कर देखा। प्रथम दृष्टया गुणवत्ता से असंतुष्ट दिखीं सीडीओ ने जिम्मेदारों को निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता का परीक्षण प्रयोगशाला से कराने का निर्देश दिया। कहा कि रिपोर्ट में सामग्री की गुणवत्ता गड़बड़ मिली तो कार्यदायी संस्था से रिकवरी कराई जाएगी