गौरीगंज (अमेठी)। लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक की निरस्त चल रही दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन बहाल हो गया। बृहस्पतिवार को दो साइड से जनता व काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान किया। ट्रेनों का संचालन नियमित होने से यात्रियों की परेशानी दूर होगी।
मुरादाबाद रेल मंडल के बंथरा व रसुइया रेलवे स्टेशन पर लूप लाइन निर्माण के लिए संचालन विभाग ने ब्लॉक स्वीकृत किया था। ब्लॉक का काम पूरा होने के बाद यात्रियों की परेशानी को देखते हुए संचालन विभाग ने ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया। बृहस्पतिवार को वाराणसी से जनता एक्सप्रेस सुबह 8:20 बजे रवाना होकर अमेठी व गौरीगंज में ठहराव के साथ रायबरेली, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, हरिद्वार होते हुए देहरादून तक संचालित हुई।
वाराणसी से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर करीब एक घंटे विलंब से गौरीगंज स्टेशन पर ठहराव के साथ काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली के लिए प्रस्थान हुई। बीते बुधवार को दिल्ली से 11:35 बजे रवाना होकर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दो घंटे विलंब के साथ गौरीगंज में ठहराव के बाद वाराणसी के लिए रवाना हुई। इसी तरह बुधवार को देहरादून से शाम 6:30 बजे रवाना होकर जनता एक्सप्रेस डेढ़ घंटा विलंब से गौरीगंज में ठहराव के बाद वाराणसी के रवाना हुई।
बहाल हुआ संचालन
ब्लॉक अवधि पूरी होने के बाद काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व जनता एक्सप्रेस का संचालन नियमानुसार बहाल हो गया। दोनों साइड में ट्रेनों का संचालन नियमित समय पर होगा।
प्रवीण सिंह-स्टेशन मास्टर