अमेठी। जिले में कोरोना संक्रमितों का ग्राफ अब कुछ घटने लगा है। रविवार देर रात जिला प्रशासन को मिली 1,401 लोगों की जांच रिपोर्ट में 1392 लोग निगेटिव आए हैं। जबकि कलेक्ट्रेट कर्मी व सिपाही समेत केवल 12 नए पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्य करने के लिए संयुक्त टीम गठित कर सैनिटाइजेशन व थर्मल स्क्रीनिंग कार्य शुरू करते हुए संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन को रविवार देर रात 17, 18, 19 व 20 सितंबर को अलग-अलग स्थानों से लिए गए 1,401 सैंपलों की जांच रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में कलेक्ट्रेट में कार्यरत वीरेंद्र यादव व गौरीगंज थाने में तैनात अशोक प्रजापति समेत 12 लोगों में कोरोना पॉजिटिव तो 1,392 की रिपोर्ट निगेटिव मिली।
रिपोर्ट मिलने के बाद अस्पताल में भर्ती व होम आइसोलेट 61 संक्रमितों के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। पॉजिटिव मिले लोगों में भेटुआ ब्लॉक के भीमी गांव का एक युवक, जामो ब्लॉक के बसायतपुर व पूरे छविलाल पांडेय गांव में एक-एक, सिंहपुर के पूरे गुडेर गांव में एक, शुकुल बाजार के पूरे स्वयंवर गांव मेें एक, जगदीशपुर ब्लॉक के मंगरौरा, पूरे भगवानदीन व इंडोगल्फ में एक-एक, मुसाफिरखाना के पूरे पितई गांव में एक, अमेठी के दुर्गापुर मार्ग पर रहने वाले एक स्थानीय नागरिक समेत गौरीगंज के कलेक्ट्रेट व थाने में तैनात एक-एक कर्मी शामिल है।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित मिले मरीजों के मोहल्लों व गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकाल के तहत बचाव कार्य के लिए टीम गठित की है। डीएम के निर्देश पर गठित टीमें सोमवार को संक्रमितों के गांव व मोहल्लों को सील करते हुए क्लोज कॉन्टेक्ट में आए लोगों की सूचना संकलित करते हुए संभावित लोगों की सैंपलिंग करने में जुटी रहीं।
डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 2,135 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें से 1,671 उपचार के बाद सही हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में 15 की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 449 मरीज अस्पताल व होम आइसोलेट करके उपचारित किए जा रहे हैं।