अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में ओपीडी पंजीकरण से लेकर वार्डों में भर्ती मरीजों का ब्योरा ऑनलाइन होगा। इसके लिए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अस्पताल को अपग्रेड किया जा रहा है। नई व्यवस्था से न सिर्फ मरीजों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि अधिकारी भी आसानी से अस्पताल की मॉनिटरिंग कर सकेंगे।
इससे मरीजों को परचा, चिकित्सक के परामर्श से लेकर जांच और दवा के लिए लंबी कतारों से राहत मिलेगी। जांच और इलाज के नाम पर इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। जिला अस्पताल में प्रतिदिन ओपीडी में एक हजार से अधिक मरीज आते हैं।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में पहल की गई है। मौजूदा समय में जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से ही मरीजों की लाइन परचा काउंटर पर लग जाती है। कतार में धक्का-मुक्की के बाद मरीजों को चिकित्सक कक्ष के बाहर भी इंतजार करना पड़ता है।
मरीजों की इन सभी समस्याओं को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत प्रथम चरण में जिला अस्पताल में ई-परचा (डिजिटल प्रिस्क्रिप्शन) व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इससे मरीज घर से ऑनलाइन परचा बनवा सकेंगे। तय समय पर आकर चिकित्सक से परामर्श ले सकेंगे। परामर्श के लिए समय भी ऑनलाइन ही तय हो जाएगा।