गौरीगंज : जिला अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भीड़। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। कई दिनों बाद जिले में एक और डेंगू मरीज की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। जिले में अब पॉजिटिव मरीजों की संख्या 46 हो गई है। बुखार से पीड़ित 18 और मरीजों में डेंगू की पुष्टि के लिए सीरम सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
सीएमओ डॉ. विमलेंदु शेखर ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र बाजार शुकुल के एक गांव निवासी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आते ही संबंधित सीएचसी अधीक्षक को गांव में टीम भेजकर वहां निरोधात्मक कार्रवाई कराने को कहा गया है। टीम पॉजिटिव मरीज के परिवारीजनों के साथ ही गांव के ऐसे सभी लोगों को सूचीबद्ध करेगी, जो कई दिनों से बुखार से पीड़ित होंगे।
बताया कि जिले के विभिन्न अस्पतालों में बुखार पीड़ितों की हुई पैथालॉजिकल जांच के दौरान कार्ड से रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने वाले मरीजों को डेंगू का संभावित मरीज मानते हुए एलाइजा जांच के लिए सीरम सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही तय हो सकेगा कि उक्त मरीज डेंगू से प्रभावित हैं या नहीं। फिलहाल स्वास्थ्य टीमें नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर ऐसे मरीजों को चिह्नित करते हुए उनका इलाज करा रही हैं।
स्वाइन फ्लू व डेंगू समेत अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे नोडल अफसर ने अस्पतालों का निरीक्षण किया। शासन की ओर से स्वास्थ्य भवन लखनऊ में तैनात ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. पीके श्रीवास्तव को जिले का नोडल अफसर नामित किया गया है।
नोडल अफसर ने सोमवार को तैयारियों की हकीकत परखने के लिए जिले के अस्पतालों का निरीक्षण किया। लखनऊ से आते समय वे रास्ते में ही सीएचसी जगदीशपुर पहुंच गए। वहां उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट व डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया। यहां से निकलकर वे संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचे, जहां ऑक्सीजन प्लांट, स्वाइन फ्लू व डेंगू वार्ड का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता जांचते हुए पाइप लाइन से बेड तक ऑक्सीजन पहुंचने की हकीकत देखी।