सिंहपुर। व्हाट्सएप पर आया फर्जी चालान का पीडीएफ लिंक कस्बा मिलकियाना के पान व्यवसायी के लिए भारी पड़ गया। लिंक को असली समझकर डाउनलोड करने के करीब 10 दिन बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से महज सात मिनट के भीतर छह बार में 99,898.77 रुपये निकाल लिए।
मिलकियाना निवासी रामपवन ने बताया कि 10 दिन पहले उनके व्हाट्सएप पर चालान के नाम से एक पीडीएफ लिंक आया था। उसे वास्तविक समझकर उन्होंने अपने मोबाइल में इंस्टॉल कर लिया। बाद में एप डिलीट भी कर दिया, लेकिन 30 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के उनके खाते से सात मिनट के भीतर छह बार में 19,999.72 रुपये, 20,000 रुपये, 19,999.82 रुपये, 18,000 रुपये, 20,000 रुपये और 1,899.23 रुपये निकाल लिए गए। कुल 99,898.77 रुपये एक यूपीआई आईडी पर स्थानांतरित हो गए।
इसकी जानकारी होते ही उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और स्थानीय थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।