जगदीशपुर (अमेठी)। विद्युत सब स्टेशन थौरी की व्यवस्था पिछले कुछ दिनों से बेपटरी है। यहां के उपभोक्ताओं को 24 घंटे में मात्र तीन से पांच घंटे ही बिजली मिल रही है। अघोषित बिजली कटौती से भीषण उमस में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं।
विद्युत सब स्टेशन थौरी से रानीगंज, थौरी, पिछूती, अलीनगर सहित करीब 50 से अधिक गांवों को बिजली की आपूर्ति होती है। इस उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ता पिछले कुछ दिनों से अघोषित कटौती का दंश झेल रहे हैं। शनिवार से उपकेंद्र की हालत बेहद खराब हो गई है। शनिवार, रविवार व सोमवार को 24 घंटे में तीन से पांच घंटे ही उपभोक्ताओं को बिजली मिली। अघोषित बिजली कटौती से करीब एक लाख उपभोक्ता भीषण उमस में परेशान रहे। पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी काम नहीं कर रहे हैं। सुबह के समय बिजली नहीं होने से लोगों को पानी की दिक्कत भी होती है। इस संबंध में अवर अभियंता अतुल सोनी ने बताया कि 33 केवीए से उपकेंद्र को मिलने वाली आपूर्ति ठप थी। वहां से आपूर्ति शुरू होते ही बिजली बहाल कर दी गई है।
आज छह घंटे बंद रहेगी
जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र स्थित विद्युत उपकेंद्र कठौरा की विद्युत आपूर्ति मंगलवार को छह घंटे बंद रहेगी। इस दौरान यहां पर लगे पुराने विद्युत पैनलों को बदलकर नए लगाए जाएंगे। मरम्मत कार्य के चलते सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल सकेगी। (संवाद)