अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के धनापुर चौराहे के समीप बुधवार देर शाम हुई दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में जहां दंपती समेत चार लोग लोग गंभीर रूप से घायल हो गए वहीं एक मामसू बाल-बाल बच गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां गंभीर रुप से घायल एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के गांव खरगापुर मजरे गाजीपुर निवासी अनिल कुमार विश्वकर्मा (40) अपनी पत्नी बबिता (35) व पांच वर्षीय बेटे शुभ को लेकर घर से बुधवार देर शाम बाइक से रिश्तेदार के घर सांगीपुर जा रहे थे। अनिल संग्रामपुर थाना क्षेत्र के धनापुर चौराहे के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे प्रतापगढ़ जिले के थाना सांगीपुर के गांव शाहबरी निवासी मोनू सिंह और विक्रम सिंह की बाइक उनकी बाइक से टकरा गई।
दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में अनिल, बबिता, मोनू सिंह व विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि शुभ बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों की मदद से अनिल व बबिता को गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देख हायर सेंटर रेफर कर दिया।
लखनऊ में उपचार के दौरान अनिल की मौत हो गई। वहीं घटना में अन्य दो घायलों को परिवारीजनों द्वारा निजी चिकित्सालय ले जाया गया है। घटना के वायरल वीडियो में प्रतापगढ़ जिले के घायल एक युवक के पास तमंचा भी दिख रहा था। सीओ पीयूष कांत राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।