अमेठी। संग्रामपुर क्षेत्र की एक महिला को दबंगों के खिलाफ केस दर्ज कराना भारी पड़ गया। केस में सुलह नहीं करने से नाराज दबंगों ने महिला के घर पर हमला बोल दिया। मारपीट कर उसके दोनों पैर तोड़ डाले। महिला की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
संग्रामपुर के कालिकन धाम परिसर स्थित शनि देव मंदिर के पास मकान बनाकर रहने वाली माया देवी ने 30 जून को भवसिंहपुर निवासी पंकज सिंह आदि के खिलाफ मारपीट व छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की।
इस बीच रविवार देर शाम पंकज सिंह, नीरज सिंह, राजकुमार व ओमप्रकाश उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने माया को लाठी-डंडे व सरिया काफी मारा पीटा। महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर भाग निकले।
इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके दोनों पैर टूट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।