फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुरानी रंजिश में लोहे की राड से पीटकर वृद्ध की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी। पुरानी रंजिश में शनिवार सुबह गांव स्थित देवी मंदिर की साफ-सफाई कर घर वापस आ रहे वृद्ध पर पहले से घात लगाकर मौजूद पड़ोसियों ने लोहे की राड से हमलाकर घायल कर दिया। परिजन वृद्ध को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन

हत्या की खबर सुनते हुए पुलिस के हाथपांव फूल गए। आनन-फानन में जिला अस्पताल व गांव में भारी फोर्स तैनात करते हुए एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण व परिवारीजनों से जानकारी हासिल करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की है। परिवारीजन मुंशीगंज पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
थाना क्षेत्र मुंशीगंज के गांव हरिहरपुर निवासी अवधेश सिंह (65) व दुर्योधन सिंह के बीच काफी दिनों से जमीनी विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही है। कई प्रकरण का मुकदमा भी दीवानी न्यायालय में चल रहा है। परिवारीजनों की मानें तो 29 अप्रैल की रात सीवान में लगी उनकी दो सबमर्सिबल चोरी हो गई।
विज्ञापन

अवधेश ने थाने पहुंचकर चोरी की नामजद के खिलाफ तहरीर मुंशीगंज थाने में दी। तहरीर मिलने के बाद हल्का उपनिरीक्षक शिव जनम यादव जांच के लिए मौके पर भी गए। मौके की जांच करने के बाद दरोगा ने वादी से दोनों मोटर की रसीद लेकर थाने आने को कहा।
आरोप है कि रसीद देने के बावजूद उन्हें थाने पर बैठाए रखा गया और बाद में मुकदमा लिखने से मना कर दिया। शनिवार सुबह अवधेश सिंह गांव निवासी लक्ष्मण यादव के साथ गांव के किनारे बने जालपा देवी के मंदिर की साफ-सफाई कर वापस घर आ रहे थे। इसी बीच पड़ोसी अपने परिवार के पांच लोगों के साथ अवधेश पर लोहे की राड आदि से हमलाकर मरणासन्न कर दिया।
सूचना पर पहुंचे परिवारीजन पुलिस को सूचना देते हुए घायल अवधेश को पहले संजय गांधी अस्पताल ले गए वहां से फिर जिला अस्पताल लाए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू तो किया लेकिन उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई।
तत्काल सीओ अर्पित कपूर गौरीगंज, अमेठी, जामो व जायस थाने के प्रभारी भी पुलिस फोर्स के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग भी अस्पताल पहुंचकर परिवारीजन व चश्मदीद से घटना के बारे में विस्तार से पूछताछ करने के साथ ही गांव जाकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी ने बताया कि परिवारीजनों की ओर से उप निरीक्षक पर चोरी का केस नहीं दर्ज करने का आरोप लगाया गया है। कहा कि प्रकरण की जांच एएसपी दयाराम सरोज को सौंपते हुए विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट में लापरवाही उजागर होने पर संबंधित उपनिरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें