अमेठी। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान अपनापन दिखाते हुए सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लोगों से मुखातिब होते हुए कहा कि आज आपके गांव में जिले से अधिकारी आए हैं। जिनकी जो भी शिकायतें हो, इनके पास आकर दर्ज करा दें।
सड़क, जल निकासी, प्रसाधन, विधवा, विकलांग, वृद्धा, पेंशन, आवास, राजस्व, पुलिस विभाग, राशन आयुष्मान कार्ड, इलाज, किसान सम्मान निधि आदि से जिस किसी को जो भी समस्या हो यहां पर सभी अधिकारी मौजूद हैं। आपकी समस्या का निस्तारण होगा। मंत्री की बात और अपनापन देख कर ग्रामीणों ने अफसरों के सामने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं।
ब्लॉक सिंहपुर की ग्राम पंचायत सराय माधौ में केंद्रीय मंत्री ने लोगों से संवाद किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निस्तारण करने के निर्देश दिए। सराय माधौ निवासी महिला शिवपती के साथ पांच अन्य पट्टा धारकों ने सांसद से पट्टे की जमीन पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की।
केंद्रीय मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए हल्का लेखपाल को तत्काल कब्जा दिला कर रिपोर्ट देने को कहा। टेढ़ई गांव में जनसंवाद कार्यक्रम में जगतपुर निवासी जय प्रकाश सिंह व श्रीकांत यादव ने आवास सूची में नाम होने के बावजूद आवास नहीं देने की शिकायत की। खारा गांव में दर्शना देवी, राम सजीवन, भगवान दास आदि ने पेंशन बंद होने की शिकायत की।
भारतीय रेडियो श्रोता संघ अध्यक्ष प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने कैथन पुरवा से लोढ़ा बाग और लोढ़ा बाग से जैतपुर प्राथमिक विद्यालय तक सड़क मरम्मत की मांग उठाई। बुजुर्ग दिव्यांग राम खेलावन नई ट्राइसाईकिल एवं चश्मा दिलाए जाने की मांग की। सांसद ने दांदूपुर के गौंडा स्थित मंदिर में दर्शन पूजन किया।
बच्ची को दिए ऑटोग्राफ
अमेठी सिटी। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान टेढ़ई गांव में प्रकृति तिवारी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के पास पहुंच गई। केंद्रीय मंत्री ने उसे दुलारा तो प्रकृति ने इस पल को यादगार बनाने के लिए ऑटोग्राफ मांग लिया। उन्होंने उसकी डायरी पर शुभकामना सहित स्मृति ईरानी लिखकर हस्ताक्षर कर दिया। ऑटोग्राफ पाने के बाद प्रकृति खुशी की चहक उठी।
गंदगी साफ करवाने की मांग पर कांग्रेस पर कसा तंज
कार्यक्रम के दौरान अंगूरी गांव के ग्रामीणों ने गंदगी की बात कहते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग उठाई तो केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ग्राम प्रधान कांग्रेस पार्टी के जिला महासचिव हैं। इसी बात कर केंद्रीय मंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गंदगी साफ करना उनके वश में नहीं है। वह तो गंदगी करते हैं।
पार्टी कार्यकर्ता के घर पहुंच पी चाय, पूछा हाल
अमेठी सिटी। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान देर शाम केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी वेलवा हसनपुर गांव में पार्टी कार्यकर्ता राम कृष्ण भारती के घर पहुंच गईं। केंद्रीय मंत्री ने चाय की चुस्की के साथ राम कृष्ण भारती से हाल-पूछा। स्मृति ईरानी ने कहा कि पार्टी व मेरा अस्तित्व आप जैसे पुराने व सक्रिय कर्मठ कार्यकर्ताओं से ही है। केंद्रीय मंत्री करीब 15 मिनट तक घर रहीं।