अमेठी। शहर स्थित जिला कैंप कार्यालय पर शुक्रवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक में संगठन की समीक्षा हुई। जायस बाजार इकाई अध्यक्ष व महामंत्री की कार्यप्रणाली संतोषजनक न होने पर इकाई को भंग कर पुनः नई इकाई गठित करने पर चर्चा हुई।
वहीं, टीकरमाफी बाजार और नगर अमेठी के संगठन को मजबूत करने के लिए इकाई पदाधिकारियों को बदले जाने पर सहमति बनी। मुसाफिरखाना और जगदीशपुर बाजार में मजबूत संगठन होने पर पर पदाधिकारियों को सम्मानित करने की बात जिलाध्यक्ष ने कही। श्रम विभाग की ओर से संचालित व्यापारी पेंशन योजना के बारे में सभी बाजार के अध्यक्ष व महामंत्री को जानकारी दी गई, जिससे जिले की 44 बाजारों में व्यापारियों को पेंशन योजना का लाभ दिलाया जा सके।
फुरसतगंज और इन्हौना बाजार से आए व्यापारियों ने संगठन से जुड़ने की इच्छा जताई। जिस पर जिलाध्यक्ष ने जल्द ही दोनों बाजारों में संगठन इकाई गठित करने की बात कही। इस दौरान जिला महासचिव सुशील जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष संदीप कसौंधन, रोहित गिरी, राजकुमार जायसवाल, शिवम प्रजापति, मुकेश शुक्ल, सगीर अहमद, शिवांशु मिश्र, सुरेश कौशल, रवि अग्रहरि, रामसुंदर मौर्य, शिवपूजन अग्रहरि, घनश्याम सोनी, दीपक विश्वकर्मा, मनीष यादव, घनश्याम वर्मा आदि मौजूद रहे।