बाजार शुकुल सीएचसी पर मरीजों का इलाज करते आयुष चिकित्सक डाॅ. विनीत कुमार। -संवाद
बाजारशुकुल। सीएचसी में नर्सिंग के छात्र मरीजों को बाहर की दवाएं लिख रहे हैं। आयुष चिकित्सक ओपीडी चला रहे हैं। इससे मरीज परेशान हैं, लेकिन उनकी बात कोई नहीं सुन रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ दिखी। अस्पताल में तैनात ट्रेनी नर्सिंग छात्र भर्ती मरीज को बाहर की दवा लिख रहे थे। वहीं आरबीएसके टीम के आयुष चिकित्सक विनीत कुमार क्षेत्र में जाने के बजाय अस्पताल के एक कमरे में बैठकर ओपीडी कर रहे थे। इसके अलावा अधीक्षक डॉ. सुधीर वर्मा भी ओपीडी कर रहे थे। कूटी गांव निवासी राम बहोरे ने बताया कि सुबह वह बुखार से पीड़ित भतीजे को दिखाने आए हैं। तीन घंटे हो गए, अभी तक नंबर नहीं आया। कहा कि निजी चिकित्सक को दिखाकर दवा लेनी पड़ेगी।
इंदरिया गांव निवासी विनोद मौर्य ने बताया कि उनकी बेटी चार दिन से अस्पताल में भर्ती है। आरोप लगाया कि ट्रेनी नर्सिंग छात्र बाहर से वीगो सहित अन्य दवाएं मंगा रहे हैं। पूरे उदनी गांव निवासी शिवकुमार अपने पिता का इलाज कराने आए थे। चिकित्सक ने बाहर की दवा लिख दी। बताया कि उन्हें मेडिकल स्टोर से 500 रुपये की दवा खरीदनी पड़ी।
इस बारे में सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर कुमार वर्मा ने बताया कि नर्सिंग छात्र बाहर की दवाएं लिख रहे हैं, इसकी जानकारी नहीं है। आयुष चिकित्सक के ओपीडी करने से मरीजों को ही सहूलियत होती है।