अमेठी। अमेठी में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि प्रतिदिन बढ़ रही संख्या देखते-देखते दहाई से बढ़कर 200 पार कर गई। शुक्रवार को जिले में जहां एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 228 हो गई वहीं अब तक 672 कोरोना संक्रमण की जंग जीत कर घर वापस जा चुके है।
बृहस्पतिवार देर रात आई 573 की रिपोर्ट में 26 स्थानीय नागरिक संक्रमित मिले हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए सैनिटाइजेशन व बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो गया है।
पांच मई से जिले में शुरू हुआ कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने के सिलसिला बदस्तूर जारी है। प्रशासन की ओर से नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने के बावजूद स्थिति विकराल होती जा रही है। संक्रमितों की पहचान हो सके इसके लिए लगातार सैंपलिंग कराई जा रही है।
18 व 20 अगस्त को विभिन्न स्थानों से कराए गए अलग-अलग 573 टेस्ट की रिपोर्ट बृहस्पतिवार देर रात जिला प्रशासन को मिली। रिपोर्ट में 512 के निगेटिव होने के साथ ही 26 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव तो 35 सैंपल लीक बताये गए।
संक्रमित मिले मरीजों में गौरीगंज के ऐंठा व पूरे दर्जिन गांव के एक-एक मासूम समेत पांच तो अमेठी के पूरे मौजी का पुरवा के एक मासूम समेत तीन, जगदीशपुर में सात, जामो में पांच, भेटुआ व मुसाफिरखाना में दो-दो तथा तिलोई व बाजार शुकुल में एक-एक स्थानीय कोरोना संक्रमित मिले। साथ ही बृहस्पतिवार को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती 42 मरीजों को सही होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित मिले लोगों के निवास स्थान की परिधि को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकाल के तहत कार्यवाही के लिए मजिस्ट्रेट की अगुवाई में संयुक्त टीम गठित कर दी है। गठित टीमों ने शुक्रवार को संक्रमित क्षेत्र को सील कर सैनिटाइजर छिड़काव के साथ संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को चिन्हित करते हुए थर्मल स्क्रीनिंग कर उनकी सैंपलिंग कराई। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 905 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
तहसील के एक अधिवक्ता की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद भी शुक्रवार को तहसील 24 घंटे के लिए सील नहीं की गई। इससे जहां हर रोज आने वाले अधिवक्ता व कर्मचारी परेशान रहे वहीं फरियादी भी तहसील परिसर में घूमते देखे गए।
ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने का अंदेशा बढ़ गया है। एसडीएम योगेंद्र सिंह ने एक अधिवक्ता की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि करते हुए कहा कि तहसील परिसर को 24 घंटे के लिए सील कराया जा रहा है। बताया कि सैनिटाइजेशन का कार्य भी कराया जाएगा।