अमेठी बस स्टाॅप पर खड़ी परिवहन निगम की बसें।
अमेठी। तहसील क्षेत्र के यात्रियों को अब गौरीगंज होते हुए सुल्तानपुर जाने के लिए बस बदलने की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। रोडवेज प्रशासन ने यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए अमेठी डिपो से सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी की है। नई बसें गौरीगंज होते हुए कुड़वार मार्ग से नियमित रूप से सुल्तानपुर तक दौड़ेंगी।
डिपो प्रशासन ने इसके लिए रूट मैप तैयार कर लिया है। सोमवार सुबह आठ बजे बस अमेठी डिपो से निकलेगी। यह गौरीगंज होते हुए जामों, जगदीशपुर, रानीगंज, हलियापुर मोड़, थौरी, सैनी, पारा, वल्लीपुर, सराय, कुड़वार घाट, कुड़वार, गजेहदी और मुर्लिंगर होते हुए सुल्तानपुर जाएगी।
लौटते समय बस इसी मार्ग से आएगी। पारा बाजार में इसका विशेष हाॅल्ट तय किया गया है। नई बस सेवा से बड़ी संख्या में ग्रामीण यात्रियों को लाभ होगा। अब तक उन्हें गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई बार बस बदलनी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। इस रूट पर सीधी बस मिलने से छात्रों, कर्मचारियों और व्यापारियों को भी सहूलियत मिलेगी। एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि अमेठी डिपो से चलने वाली यह बस गौरीगंज होकर जिले के प्रमुख बाजारों से गुजरते हुए सुल्तानपुर तक जाएगी। रूट मैप को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसी सप्ताह संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस रूट पर यात्रियों की संख्या अपेक्षा से अधिक रही तो बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।