गौरीगंज स्थित निजी अस्पताल का निरीक्षण करते अग्निशमन के अधिकारी। स्रोत: विभाग
अमेठी सिटी। सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों, बेसमेंट में चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटल और लॉन से जुड़ी खबरें संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से अमर उजाला में लगातार प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को स्वास्थ्य, शिक्षा और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में अभियान चलाकर विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान फायर सेफ्टी, पंजीकरण, आपात निकास और अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई। कमियां मिलने पर 64 संस्थानों को नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू कर दी गई। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने जायस स्थित निजी अस्पताल का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न अस्पतालों और क्लीनिकों की जांच कर 10 संस्थानों पर कार्रवाई की।
जिला विद्यालय निरीक्षक की टीम ने कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और अन्य शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण कर 15 संस्थानों को नोटिस जारी किए। अग्निशमन विभाग ने गौरीगंज, अमेठी, जगदीशपुर, मोहनगंज और बाजारशुकुल क्षेत्र में निजी अस्पतालों, होटल और शिक्षण संस्थानों की जांच की। अग्निशमन विभाग की अलग-अलग टीमों ने अमेठी, जगदीशपुर, मोहनगंज और बाजारशुक्ल में निरीक्षण किया। मानक विहीन संचालित संस्थानों को चेतावनी देते हुए नोटिस भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
एफएसओ ओपी सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से अब तक निजी अस्पताल, होटल, निजी शिक्षण संस्थानों को नोटिस जारी किया जा रहा है। बताया कि लगातार अभी जिले में अभियान चलाकर मानक विहीन संस्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।