गौरीगंज (अमेठी)। माध्यमिक स्कूलों में शिक्षण कार्य को बेहतर बनाने के साथ आवेदित बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर सुविधाओं का सत्यापन करने के लिए डीआईओएस इन दिनों स्कूलों का निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान स्कूल में शिक्षण कार्य के दौरान कोविड नियमों का पालन नहीं होने तथा स्कूल में बाउंड्रीवॉल व लैब नहीं होने का मामला प्रकाश में आया। स्कूल में मूलभूत सुविधाओं की कमी से नाराज डीआईओएस ने प्रधानाचार्य को नोटिस जारी कर जवाब देने का निर्देश दिया है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित करने के साथ शैक्षिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश में जुटे डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने बृहस्पतिवार को श्री रामलखन यशोदा देवी इंटर कॉलेज रामपुर कुड़वा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में कक्षों के बजाए फील्ड में शिक्षण कार्य होने के साथ ही शिक्षक व बच्चों द्वारा मास्क का प्रयोग नहीं करने तथा सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इतना ही नहीं स्कूल में बाउंड्रीवॉल का निर्माण नहीं कराया गया है तो मान्यता के बावजूद स्कूल में ़ज्ञान प्रयोगशाला अब तक नहीं बनाई गई है।
स्कूल में कोविड नियमों की अवहेलना होने तथा बोर्ड परीक्षा्के लिए परीक्षा केंद्र का आवेदन करने के बावजूद अवस्थापना की सुविधा नहीं मिलने से नाराज डीआईओएस ने प्रधानाचार्य को नोटिस जारी किया है। नोटिस में तत्काल स्कूल में अवस्थापना की सुविधाओं की व्यवस्था कराते हुए कोविड नियम के तहत शिक्षण कार्य करने तथा जवाब देने का निर्देश दिया है। डीआईओएस ने स्कूल में सुविधा मुहैया नहीं कराने तथा जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर स्कूल की मान्यता प्रत्याहरण करने की चेतावनी दी है।